फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: आंधी-बारिश के बाद फॉल्ट की बरसात, बिजली बेपटरी

Thu, 02 Jul 2026 11:20 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
सुआगाड़ा में बिजली लाइन पर गिरे पेड़ की डाल को काटते हुए। संवाद
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। आंधी और बारिश थमने के बाद बृहस्पतिवार को जिले में बिजली व्यवस्था पर फॉल्ट की बरसात हो गई। 33 केवी मेन लाइन से लेकर ट्रांसफॉर्मर और अलग-अलग फीडरों तक लगातार खराबियां सामने आईं। शहर से गांव तक बिजली आपूर्ति घंटों प्रभावित रही। सुबह पानी का संकट रहा, जबकि बाद में लो-वोल्टेज और हाई वोल्टेज की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
विज्ञापन

बारिश के चलते छाउछ 33 केवी मेन लाइन में फॉल्ट आने से शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश थमने के बाद विद्युत कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग की, जिसमें कई स्थानों पर फॉल्ट मिले। सबसे पहले 33 केवी मेन लाइन के पास जलभराव से आए फॉल्ट को ठीक कराया गया।
कलक्ट्रेट विद्युत उपकेंद्र के शाहपुरा कोठी फीडर के सुआगाड़ा क्षेत्र में कैलाश नाथ के घर के सामने नीम के पेड़ की डाल बिजली लाइन पर गिर गई, जिससे कई मीटर उखड़ गए। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद कैलाश और उनके परिजनों ने पेड़ की डाल हटाई। बाद में विद्युत कर्मियों ने लाइन दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की। इस दौरान शाहपुरा कोठी, न्यू रामपुर और नौरंगाबाद फीडर की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
विज्ञापन

दुर्गा माता मंदिर के पास एक बिजली खंभे में आग लगने से भी काफी देर तक आपूर्ति बंद रही। हिदायत नगर चौराहे का ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया, जिसे मोबाइल ट्रांसफॉर्मर लगाकर चालू कराया गया।
छाउछ उपकेंद्र के पटेल नगर, श्रीराम अस्पताल के पास, उदयपुर और छाउछ गैस प्लांट क्षेत्र में भी लंबे समय तक बिजली बाधित रही। बाद में आपूर्ति बहाल होने पर कुछ क्षेत्रों में हाई वोल्टेज की शिकायत मिली, जिससे लोगों ने एहतियातन अपने विद्युत उपकरण बंद कर दिए।
नई बस्ती, काशीनगर और श्याम राम मंदिर क्षेत्र में एक फेस की समस्या बनी रही। गढ़ी उपकेंद्र से जुड़े मेला मैदान, अर्जुनपुरवा, शास्त्रीनगर और हाथीपुर मोहल्लों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।
विज्ञापन



तेज बारिश के चलते कई स्थानों पर फॉल्ट हुए थे, जिन्हें समय रहते ठीक करा दिया गया। अब पूरे शहर की बिजली आपूर्ति सामान्य है।
-शैलेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता, लखीमपुर डिवीजन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें