शहर के नई बस्ती उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली समस्याओं को लेकर आए दिन सड़क जाम, प्रदर्शन और बिजली अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी जैसे हंगामे को गंभीरता से लेते हुए चीफ इंजीनियर अभिषेक कुमार श्रीवास्तव ने जेई डीएस चौहान को हटा दिया है। उन्हें खीरी उपकेंद्र की जिम्मेदारी दी गई है। नई बस्ती से जुड़े आधे शहर की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए गढ़ी उपकेंद्र पर तैनात जेई मनोज पुष्कर को दोबारा नई बस्ती का चार्ज दिया गया है।
गौरतलब है कि नई बस्ती उपकेंद्र पर जेई मनोज पुष्कर पिछले चार सालों से तैनात थे लेकिन हाल में ही सीतापुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता जेबी सिंह ने मनोज पुष्कर का तबादला पलिया कर दिया था। इसके बाद से नई बस्ती क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। चीफ इंजीनियर अभिषेक कुमार श्रीवास्तव ने अधीक्षण अभियंता के तबादला निर्देश पर रोक लगाते हुए जेई मनोज पुष्कर को तीन माह के लिए फिर से नई बस्ती उपकेंद्र पर तैनात कर दिया है। बता दें कि शनिवार को चीफ इंजीनियर ने लखीमपुर पहुंचकर शहर की बिजली-व्यवस्था की जानकारी ली थी। जिसके बाद कार्रवाई कर जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया है।