अर्चित और शिवम को प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट का खिताब
गोला गोकर्णनाथ। सरायन नदी के पास हो रहे बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में पुरुष एकल एवं पुरुष युगल दोनों फॉर्मेट पर खेले गए मैच में गोला ने प्रयागराज को हराकर टूर्नामेंट में जीत हासिल की है। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पुरुष एकल मुकाबले में गोला के शिवम वर्मा ने प्रयागराज के कुशल मिश्रा को 18-21, 21-09, 21-18 से, दूसरे सेमीफाइनल में गोला के ही अर्चित सिन्हा ने पीलीभीत के गुनदीप सिंह चावला को सीधे सेटों में 21-12, 21-07 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
पुरुष युगल मुकाबले में गोला के शिवम वर्मा और अर्चित सिन्हा की जोड़ी ने बिसवां के आफताब आलम, इरफान अंसारी की जोड़ी को 21-11, 21-17 और प्रयागराज के सनी सिंह एवं जयंत मौर्य की जोड़ी ने शाहजहांपुर के अतुल कुमार और प्रदीप कुमार को 21-17, 21-16 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
पुरुष एकल फाइनल में गोला के अर्चित सिन्हा गोला के ही शिवम वर्मा को 21-16, 21-16 से हराकर विजेता बने। पुरुष युगल मुकाबले में गोला के अर्जित सिन्हा और शिवम वर्मा ने प्रयागराज के सनी सिंह, जयंत मौर्य को 21-14, 21-16 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। मैच में दुर्गेश सक्सेना, हर्षित गुप्ता अंपायर रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को नकद धनराशि, शील्ड, मेडल और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। अर्चित सिन्हा को प्लेयर आफ टूर्नामेंट और शिवम वर्मा को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। इससे पहले एसआरएल ओपेन बैडमिंटन टूर्नामेंट फाइनल की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह, विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक अवधेन्द्र सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कराई । इस मौके पर पूर्ति निरीक्षक विनय कुमार पांडे, विनय गुप्ता रिंकू, अतुल अग्रवाल, राजेश पांडे, मनोज शुक्ला, यदुलेश मुरारी सक्सेना, श्याम राजपूत, केशव अग्रवाल, गुरदीप सिंह, अरविंद गुप्ता रामजी, दिनेश वर्मा आदि मौजूद रहे।