राजकीय हाईस्कूल मैगलगंज में संचालित कक्षाएं। संवाद
मैगलगंज। समग्र शिक्षा अभियान के तहत निर्मित राजकीय हाईस्कूल खखरा और राजकीय हाईस्कूल मैगलगंज के नए भवनों में एक अप्रैल से कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। करीब एक वर्ष पहले तैयार हुए इन भवनों का उपयोग नए शैक्षिक सत्र 2026-27 से शुरू कराया गया है।
नए भवनों में पर्याप्त कक्षाएं, स्वच्छ परिसर और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे क्षेत्र के ग्रामीण और दूरदराज के विद्यार्थियों को पहले की तुलना में बेहतर शैक्षिक माहौल मिल रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए भी यह पहल राहतभरी साबित हो रही है, क्योंकि अब उन्हें बेहतर शिक्षा आसपास ही उपलब्ध हो रही है।
हालांकि दोनों विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। राजकीय हाईस्कूल मैगलगंज में अब तक 42 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जबकि राजकीय हाईस्कूल खखरा में केवल 19 बच्चों का ही प्रवेश हो पाया है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, प्रवेश की धीमी रफ्तार का मुख्य कारण समय रहते पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं हो पाना है, जिससे बड़ी संख्या में अभिभावकों और विद्यार्थियों तक जानकारी नहीं पहुंच सकी।
राजकीय हाईस्कूल मैगलगंज के अध्यापक प्रीतेश राठौर ने बताया कि प्रवेश के लिए छात्र का आधार कार्ड, मूल स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी), छात्र के चार पासपोर्ट साइज फोटो, कक्षा आठ का अंक प्रमाणपत्र और माता-पिता का आधार कार्ड अनिवार्य है। जागरूकता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में दोनों विद्यालयों में प्रवेश संख्या बढ़ने की उम्मीद है। विद्यालयों में प्रति छात्र 469 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। यह राशि महंगाई, पंखा और अन्य विद्यालयीय व्यवस्थाओं पर खर्च की जाती है।