जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में इस बार सभी 14 पदों के लिए मतदान होगा। इससे पहले विभिन्न पदों के लिए 32 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन वापसी की प्रक्रिया के दौरान कोई नाम वापसी न होने के चलते सभी दावेदारों वाली अंतिम सूची जारी की गई। मुख्य चुनाव अधिकारी रामनरायन त्रिवेदी ने बताया कि 16 जनवरी को सभी पदों पर मतदान कराया जाएगा।
जिला अधिवक्ता संघ के कार्यकारिणी चुनाव के लिए इस बार चुनाव कमेटी को ज्यादा पसीना बहाना पड़ेगा, क्योंकि इस बार सभी पदों पर निर्वाचन मतदान के जरिए किया जाएगा। अमूमन गवर्निंग कौंसिल वरिष्ठ वर्ग के लिए आपसी सहमति से तीन सदस्यों का चयन हो जाता था, लेकिन इस बार किसी भी पद पर दावेदारों की सहमति नहीं बन सकी है।
चुनाव मैदान में डटे ज्यादातार पुराने प्रत्याशी
नामांकन प्रक्रिया के पूरी होने बाद जिला अधिवक्ता संघ कार्यकारिणी चुनाव के लिए जो निर्णायक सूची जारी की है उसमें अधिकतर प्रत्याशी पुराने दावेदार हैं। अध्यक्ष पद के लिए चंद्रमोहन सिंह, अनिल चंदेल पुराने दावेदार रहे हैं तो वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अनिल सक्सेना और मोहम्मद सिद्दीक खां भी कई बार अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं, महामंत्री के लिए हेमंत गुप्ता कई बार चुनावी दंगल में उतर चुके हैं तो अशोक शुक्ला भी पिछले चुनाव में रनर्स अप रह चुके है। कोषाध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता संजय राय का दूसरा चुनाव है तो संयुक्त मंत्री पद के लिए कई दावेदार पुराने है, सौरभ दीक्षित, विजयपाल वर्मा, जाहिद अली सिद्दीकी, संजीव कुमार गुप्ता ने इस बार भी अपना नामांकन दाखिल किया है तो चंद्रभाल आर्य, घनश्याम द्विवेदी और शमशुललका सिद्दीकी भी कई बार चुनाव मैदान में उतर चुके है।
दो दावेदारों ने किया दोहरा नामांकन
अधिवक्ता संघ चुनाव में अध्यक्ष पद के दावेदार अनुराग तिवारी और कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय राय ने नामांकन फार्म भरने में दोहरी सुरक्षा बरती है। दोनों प्रत्याशियों ने दो-दो सेटों में नामांकन दाखिल किया है, जिससे एक सेट में त्रुटि होने की स्थिति में भी दावेदारी बनी रहे।
बिना परिचय पत्र नहीं पड़ेंगे वोट
जिला अधिवक्ता संघ के कार्यकारिणी चुनाव में इस बार जिला अधिवक्ता संघ का ही परिचय पत्र मान्य होगा, इस बारे में निर्देश जारी करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी राम नरायन त्रिवेदी ने बताया कि जिला अधिवक्ता संघ के परिचय पत्र के अलावा अन्य कोई दस्तावेज या पहचान पत्र मान्य नहीं होगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि 15 जनवरी की शाम पांच बजे के बाद पहचान पत्र नहीं बनाए जाएंगे।