पलियाकलां। गाजियाबाद में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में पलिया बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री व मुख्य न्यायाधीश लखनऊ को संबोधित ज्ञापन एसडीएम व सीओ को सौंपा।
सोमवार को पलिया बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीष द्विवेदी, महामंत्री अरुण अवस्थी के नेतृत्व में अधिवक्ता एकत्र हुए और गाजियाबाद में जिला न्यायाधीश के निर्देश पर न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की। नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए सभी अधिवक्ता तहसील सभागार पहुंचे और यहां एसडीएम कार्तिकेय सिंह व सीओ यादवेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री व मुख्य न्यायाधीश लखनऊ को संबोधित ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने उक्त घटना में दोषी न्यायिक अधिकारी व दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, घायल अधिवक्ताओं को मुआवजा दिलाने, उत्तर प्रदेश में अविलंब अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
सामूहिक अवकाश पर रहे अधिवक्ता
मोहम्मदी। गाजियाबाद के अधिवक्ताओं और जिला जज के बीच हुए वाद-विवाद और पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में बार काउंसिल के आवाहन पर अधिवक्ताओं ने सामूहिक अवकाश लेकर न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। एक ज्ञापन नायब तहसीलदार रामबालक को सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रद्युम्न मिश्रा, महामंत्री अवनीश मिश्रा, नीरज रस्तोगी, आलोक कुमार सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। संवाद
निघासन में वकीलों का कार्य बहिष्कार
निघासन। गाजियाबाद में जिला जज और वकीलों के बीच हुए टकराव में सोमवार को वकीलों ने कार्य बहिष्कार किया। तहसील और सिविल कोर्ट दोनों जगह वकीलों ने काम न करके नारे लगाए।
तहसील अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव और मंत्री उमाकांत जायसवाल ने वकीलों की बैठक की। इसमें वकीलों ने कहा कि जिला जज के आदेश पर न्यायालय परिसर में वकीलों पर हुए लाठीचार्ज में कई अधिवक्ता लहूलुहान हुए हैं। इसमें वीरेंद्र रुहेला, बीपी श्रीवास्तव, आरके चतुर्वेदी, पंकज जायसवाल आदि शामिल हुए। संवाद
दोषी पुलिसकर्मियों पर हो कार्रवाई
लखीमपुर खीरी। गाजियाबाद में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर सोमवार को जिले के सभी वकील सामूहिक अवकाश पर रहे। जिला अधिवक्ता संघ ने विरोध प्रदर्शन कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इससे पहले जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ता संघ सभागार में वकीलों की बैठक हुई। संचालन महामंत्री विश्वास श्रीवास्तव ने किया। बैठक के बाद वकीलों ने सामूहिक अवकाश पर रहकर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष सुरेश सिंह मुन्ना, वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र सिंह गौड़ और रमेशचंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद