डीजल के लिए 40 प्रतिशत तक एडवांस मिल जाता था
निगम ने अपने पंप से डीजल देने का किया इंतजाम
परिवहन निगम ने अनुबंधित बस मालिकों को डीजल मद के लिए दी जाने वाली 40 प्रतिशत एडवांस धनराशि पर पाबंदी लगा दी है, जिससे बस मालिकों को अब एडवांस में कोई भी धनराशि नहीं मिलेगी। निगम अधिकारियों ने अनुबंधित बसों को भी निगम के पंप से ही डीजल दिए जाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
लखीमपुर डिपो के एआरएम वीके गोस्वामी ने बताया कि अब तक निगम की ओर से अनुबंधित बस के मालिकों को डीजल खर्च के लिए एडवांस में भुगतान कर दिया जाता था। यह भुगतान बस की एक माह के आय की 40 प्रतिशत होता था, लेकिन अब डिपो की ओर से अनुबंधित बस के मालिकों को एडवांस में धनराशि नहीं दी जाएगी। एआरएम ने बताया कि अनुबंधित बसों को अब निगम की बसों की तरह ही निगम के ही पंप से डीजल मिला करेगा। एआरएम ने बताया कि अनुबंधित बसों को बाजार रेट पर ही डीजल दिया जाएगा, जिसकी कटौती उनके बस मालिकों के देयकों के भुगतान से की जाएगी।