लखीमपुर खीरी। मितौली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा छह में 80 सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे। अभिभावक 29 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 13 दिसंबर को प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले बच्चों का प्रवेश लिया जाएगा।
काॅलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार सक्सेना ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन 29 जुलाई तक स्वीकार किए जाएंगे। बताया कि बच्चों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा सुबह 11:30 बजे से होगी।
आवेदन करने की योग्यता
जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा में प्रवेश के लिए पंजीकरण करने वाले बच्चों के लिए जो योग्यता निर्धारित है, उसमें सबसे पहले बच्चे का मूल निवास प्रमाण पत्र उसी जिले का होना चाहिए, जहां के लिए वह आवेदन कर रहा है। साथ ही बच्चे ने किसी भी मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा 3 से 5वीं तक की पढ़ाई पूरी की हो। निर्धारित 80 सीटों में से 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्रों के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। इसमें सबसे ज्यादा छात्राओं को प्राथमिकता दी जाती है।
अभिभावक ऐसे करें प्रवेश के लिए आवेदन
प्रधानाचार्य डाॅ. संजीव कुमार सक्सेना ने बताया कि बच्चों के अभिभावक पंजीकरण करने के लिए सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट navodaya.gov.in पर विजिट करें। वेबसाइट को नीचे की तरफ स्क्रॉल करें और सबसे नीचे दिए गए Click here to submit online application for Class VI JNVST 2026. You may apply here: https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs लिंक पर क्लिक करें।
अब एक नई वेबसाइट खुलेगी। यहां Candidate Corner में सबसे पहले नंबर पर Click here for Registration for Class VI JNVST (2026-27) लिंक पर क्लिक करें। अब रजिस्ट्रेशन विंडो खुलेगी, यहां मांगी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक भरें। इस दौरान अपनी निजी जानकारी, एकेडमिक जानकारी, फोटो, साइन और रेजिडेंस प्रूफ अच्छे से सबमिट करें। सबमिट करने के बाद एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट ले लें।