एडीएम ने राजापुर मंडी में लिया क्रय केंद्रों का जायजा
- फोटो : संवाद
लखीमपुर खीरी में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने मंगलवार को राजापुर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर विभिन्न क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और प्रभारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष, समयबद्ध और पारदर्शी धान खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
एडीएम ने धान तौल प्रक्रिया, भुगतान रजिस्टर, भंडारण व्यवस्था और किसानों के सत्यापन की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारी से धान की गुणवत्ता और खरीद की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। केंद्र प्रभारी ने बताया कि जिन किसानों का धान नमीयुक्त है, उनका धान मंडी परिसर में सुखाकर खरीदा जा रहा है। किसानों से लगातार अपील की जा रही है कि वे सूखाकर धान लेकर ही मंडी आएं, ताकि तौल और भुगतान की प्रक्रिया में कोई विलंब न हो।