शनिवार को मैलानी-गोंडा रेलखंड के भीरा एवं पलियाकलां रेलवे स्टेशनों के बीच इज्जतनगर से गोंडा जा रही 52256 पैसेंजर की एक बोगी पटरी से उतरने के मामले में एडीआरएम एसके सप्रा ने आधी रात को साइट पर पहुंचकर मौका-मुआयना किया।
एडीआरएम सप्रा लखनऊ से कार से यहां पहुंचे। यहां से वह सीनियर डीएमई ओएंड एफ वीएस यादव, सीनियर डीएमई कैरिज एंड वैगन राजेश चतुर्वेदी, यातायात निरीक्षक सी लाल, चीफ क्रू कंट्रोलर मैलानी अजय कुमार के साथ सेंक्चुरी एक्सप्रेस से रात करीब पौने बारह बजे दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने साइट का निरीक्षण करने के बाद इज्जतनगर-गोंडा पैसेंजर के पायलट बीबी शुक्ला, सहायक लोको पायलट शाहिद अली तथा गार्ड अमृत लाला मौर्या से मौखिक जानकारी की। उसके बाद सभी अधिकारी मैलानी से भेजे गए लाइट इंजन से वापस मैलानी आए।
दुर्घटना की ज्वाइंट रिपोर्ट बन गई है। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कोई कारण ज्ञात नहीं हो सका है। जनसंपर्क अधिकारी आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के बाद ही दुर्घटना का कारण स्पष्ट हो सकेगा। चूंकि दुर्घटनास्थल पर काशन सतर्कता आदेश 20 किमी प्रति घंटा लागू था, लिहाजा इंजन का स्पीडोमीटर ग्राफ डीजल शेड इज्जतनगर भेजा गया है, वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घनास्थल पर ट्रेन की गति का पता चल सकेगा।