मैगलगंज। दूध कारोबारी से 50 हजार रुपये की कथित लूट के मामले में मैगलगंज पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और शांतिभंग के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि जांच में लूट के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।
मुरादपुर गांव निवासी भूपेंद्र कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद दूध डेयरी का कारोबार करते हैं। पीड़ित के मुताबिक, सात अक्तूबर को वह बरेली जनपद के फरीदपुर कस्बे में दूध बेचकर निजी पिकअप से घर लौट रहे थे। आरोप है कि ढकिया देवी गांव के बाहर पिकअप के आगे बाइक लगाकर तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और नीचे खींचकर मारपीट करते हुए जेब में रखे 50 हजार रुपये छीन लिए थे। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि वारदात को ढकिया देवी गांव निवासी प्रेमप्रकाश, अंकित और अंकुर ने अंजाम दिया। इन्हीं तीनों पर पुलिस ने मारपीट और शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की है। एएसपी पश्चिमी अमित राय ने बताया कि जांच में लूट की पुष्टि नहीं हुई है। संवाद