नामांकन के बाद से दूसरी बार दर्ज हुई रिपोर्ट
मोहम्मदी। कोतवाली पुलिस ने विधानसभा से एक्शन पार्टी के प्रत्याशी अनुराग सारथी व उसके साथी सुनीत राठौर समेत 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने, आचार संहिता का उल्लंघन करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। इससे पहले नामांकन के समय भी पुलिस कर्मी से अभद्रता करने व आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में एक्शन पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है।
पीआरवी चालक महवाउल हसन के मुताबिक, 21 फरवरी 2022 को पुवायां बैरियर के पास गश्त के दौरान दो-तीन लोग सार्वजनिक राजनीतिक पोस्टर व पर्चे चस्पा कर रहे थे। हेड कांस्टेबल कृपा शंकर पांडेय ने शाम छह बजे के बाद प्रचार सामग्री चस्पा करने से मना किया, जिससे वह लोग वहां से चले गए। करीब 10 मिनट बाद तीनों लोग एक्शन पार्टी के प्रत्याशी अनुराग सारथी व सुनीत राठौर की अगुवाई में 15 से 20 लोग मौके पर आए। पुलिसकर्मियों से उग्र होकर बातचीत करने लगे।
आरोप है कि प्रत्याशी अनुराग सारथी व सुनीत ने चालक की वर्दी पकड़कर बाहर खींच लिया। वर्दी का कालर पकड़कर अभद्रता करते हुए गाली-गलौज किया। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि चुनाव प्रचार बंद होने के बाद वह लोग प्रचार सामग्री चस्पा करा रहे थे। मना करने पर पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। इसलिए आरोपी प्रत्याशी अनुराग सारथी व सुनीत राठौर समेत 15-20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट पर नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश, लिखित आश्वासन पर माने
पसगवां। मोहम्मदी विधान सभा क्षेत्र से एक्शन पार्टी के प्रत्याशी अनुराग एम सारथी और उनके समर्थकों के विरुद्ध मोहम्मदी कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बाद नेशनल हाईवे जाम करने जा रहे प्रत्याशी व उनके समर्थकों को पुलिस ने नेवादा अंडरपास के पास रोक लिया। इस दौरान समर्थकों और पुलिस से झड़प हुई, जिसमें गलत तरीके से पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लगाया। सीओ संदीप सिंह के मामले की विधिक कार्यवाही के आश्वासन के बाद प्रत्याशी व समर्थक लौट गए। संवाद