धौरहरा। ईसानगर थाना क्षेत्र के सरपता गांव में रात में हुई तेज बारिश में मिट्टी की दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर एक बुजुर्ग की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची ईसानगर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ईसानगर थाना क्षेत्र के सरपतहा निवासी नंदराम (61) पुत्र मेहरबान रविवार रात खाना खाने के बाद अपने कच्चे घर में जाकर सो गए। इसी बीच हुई जोरदार बारिश में उनके घर की कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गयी। नंदराम उसी दीवार के मलबे के नीचे दब गए। आवाज सुनकर घर के परिजन जब तक पहुंचते और मलबे को हटाते तब तक उनकी मौत हो गई। परिजन ने पुलिस सहित तहसील प्रशासन को सूचना दी। सोमवार सुबह पहुंची ईसानगर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहसीलदार संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पूरी कर मृतक के परिजन को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। संवाद