मोहम्मदी। गांव गुलरिया परवस्त नगर में जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ रहे पति के लिए वोट मांग रही महिला को ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहम्मदी के जिला पंचायत वार्ड द्वितीय से रधोला निवासी राजेंद्र प्रसाद चुनाव लड़ रहे हैं, उनकी पत्नी 55 वर्षीय रामवती गुलरिया परवस्त नगर में सड़क के किनारे मंगलवार दोपहर तीन बजे लोगों से पति को जिताने की अपील करते हुए वोट मांग रही थीं। बताया गया कि तभी पुवायां की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनको कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। प्रत्याशी की पत्नी की मौत के बाद भड़के समर्थकों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ट्रैक्टर चालक रियाज निवासी मोहल्ला सरैया मोहम्मदी का निवासी बताया जा रहा है।
मामले में प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के पति की ओर से तहरीर मिली है। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर गांव में सुरक्षित जगह खड़ा करा दिया है और चालक को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-
चुनाव से छह दिन पहले ही साथ छोड़ा
राधोला निवासी मृतका के पति राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि वह कई बार राजनीति में भाग्य अजमा चुके हैं, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है। इस बार भी मैदान में उतरे हैं, लेकिन चुनाव के छह दिन पहले ही पत्नी ने साथ छोड़ दिया।
-
पिकअप की टक्कर से अधेड़ की मौत
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के संकल्पा मोड़ के पास एक साइकिल सवार अधेड़ को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मंगलवार की दोपहर जवाहरलाल मिश्रा (58) पुत्र बच्चा राम साइकिल से ढखेरवा चौराहा पर स्थित बैंक जा रहे थे। इस बीच कोतवाली क्षेत्र के मलबेहड़ केे पास पीछे से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक धौरहरा विद्या सागर पाल ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। संवाद