लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच कोरोना संक्रमण की तेज होती रफ्तार ने अधिकारियों-कर्मचारियों में खलबली मचा दी है। नामांकन के दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन न होने व सैनिटाइजर की व्यवस्था न होने से कई अधिकारी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। मंगलवार को आई रिपोर्ट में निघासन ब्लॉक के तीन एआरओ संक्रमित मिले हैं। वहीं कुछ और सहकर्मियों की भी तबीयत खराब हुई है, जिससे उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। इससे पहले पसगवां ब्लॉक के एआरओ संक्रमित मिल चुके हैं।
गांवों में लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व चल रहा है, जिसमें 1165 ग्राम प्रधान, 1790 बीडीसी, 15047 ग्राम पंचायत सदस्य और 72 जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव किया जाना है। जनपद के 4495 पोलिंग बूथों के माध्यम से 27,69,994 मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। दूसरे चरण में 19 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए सरकारी तंत्र तैयारियों में जुटा है, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते तैयारियां प्रभावित हो रहीं हैं। मतदान के लिए 17980 कर्मचारी पोलिंग पार्टी के रूप में काम करेंगे, जबकि 1824 कर्मचारी रिजर्व में रहेंगे। इन मतदान कर्मियों को शहर के डीएस इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तो वहीं ब्लॉकों में नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई जा चुकी है, लेकिन इस दौरान आम लोगों के संपर्क में आने से कई अधिकारी-कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
अभी मतदान होने में पांच दिन शेष हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा कर्मचारियों पर मंडरा रहा है। सूत्रों का कहना है कि कोविड से बचाव के लिए इस बार प्रशासन के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं, क्योंकि नामांकन के दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं किया गया और न ही सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई। इसका नतीजा यह रहा कि नामांकन में लगे कई एआरओ उम्मीदवारों के संपर्क में आकर संक्रमित हो गए हैं। इससे आरओ समेत अन्य सहकर्मियों में खलबली मची है। निघासन में न्याय पंचायत लुधौरी, मुहबतियाबेहड़, सिंगहा कला के एआरओ संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा दो अन्य सहकर्मी भी बुखार-जुकाम से पीड़ित हो गए हैं, जिन्होंने प्रशासन को सूचना देकर खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है।
कई विभागों के कर्मचारी हो चुके संक्रमित
कोरोना के कहर का दंश कई विभागों के कर्मचारी भी झेल रहे हैं। बीएसए कार्यालय के आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। पास के ही डीआईओएस कार्यालय के भी कई कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा कई अन्य विभागों के कर्मचारी आए-दिन संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। इसी कड़ी में एआरओ भी संक्रमित हुए हैं।
कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सभी मतदान कर्मियों को सावधानी व सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान के दौरान कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। मतदान स्थलों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था कराई जाएगी। मतदान के दौरान सभी कर्मचारी मास्क का प्रयोग करेंगे। कोरोना संक्रमित मतदाताओं को वोट डालने का मौका शाम पांच से छह बजे के दौरान मिलेगा, जिसमें पीठासीन अधिकारी को पीपीई किट मुहैया कराई जाएगी।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी कोरोना संक्रमित, बंद रहेगी सिविल कोर्ट
लखीमपुर खीरी। जनपद में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण की लहर अब सिविल कोर्ट की सुनवाई को भी बाधित कर रही है। जिला अदालत में कराए गए परीक्षण के बाद एक न्यायिक अधिकारी और कई कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला जज मुकेश मिश्र ने सिविल कोर्ट को सैनिटाइज कराने के लिए 14 अप्रैल को सिविल कोर्ट बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिला अधिवक्ता संघ के महामंत्री अजय कुमार पांडे ने बताया कि बढ़ते संक्रमण के चलते उनके अनुरोध पर अधिवक्ताओं को टीका लगाए जाने का कार्य चल रहा है। जिला जज मुकेश मिश्रा ने 14 अप्रैल को सिविल कोर्ट को बंद किए जाने का आदेश पारित किया है, इस कारण अधिवक्तागण विभिन्न राजस्व न्यायालयों, जिला उपभोक्ता फोरम और मोटर वाहन अधिकरण के न्यायिक कार्यों से भी विरत रहेंगे। सिर्फ अतिआवश्यक मामलों की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए की जाएगी। संवाद