लखीमपुर खीरी। दवा व्यापारी से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगे जाने के मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर से सटे गांव सलेमपुर कोन के मोहल्ला आनंदनगर निवासी रमेशचंद्र का गांव में ही मेडिकल स्टोर है। तीन मार्च की दोपहर दो बजे तीन अज्ञात लोग मास्क लगाकर उनकी दुकान पर आए थे और नशीली दवा मांगी थी। इनकार करने पर साथ लाया गया नशीली दवाइयों का एक डिब्बा दुकान मालिक के हाथ में जबरन पकड़ा दिया और उसकी वीडियो बनाकर एक लाख रुपये की मांग की थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले थे। इसके बाद रविवार की दोपहर दवा विक्रेता के मोबाइल पर कॉलकर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी। इससे व्यापारी और उसके परिवार में दहशत फैल गयी। डरे सहमे दवा विक्रेता ने कोतवाली सदर पुलिस को तहरीर दी थी। सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि दवा विक्रेता की तहरीर पर सोमवार को तीनों अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपी पकड़े जाएंगे। संवाद