लखीमपुर खीरी। अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिए हैं।
पहला हादसा बुधवार की देर शाम थाना खीरी क्षेत्र में हुआ। गांव निबिया शेखनापुर निवासी अनुज राजपूत (23) किसी काम से लखीमपुर आया था। बुधवार की शाम वह स्कूटी से घर वापस जा रहा था। देर शाम आठ बजे शारदा नहर पुल के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, उधर थाना भीरा क्षेत्र में मंगलवार को बाइकों की भिड़ंत में गांव मझौरा निवासी आरती (23) देवी और उसका देवर श्यामू घायल हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालत गंभीर होने पर आरती देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसकी उपचार के दौरान बुधवार की रात करीब 10 बजे मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को शव सौंप दिए हैं।
-
चीनी मिल के कर्मचारी की ट्रक से कुचलकर मौत
संसारपुर (लखीमपुर खीरी)। गोला खुटार मार्ग पर संसारपुर कस्बे के पश्चिम में बाइक सवार चीनी मिल में कार्यरत संजीव सिंह चौधरी की गन्ने से भरे ट्रक से कुचलकर मौत हो गई, जबकि उनके पीछे बैठा साथी घायल हो गया। संजीव सिंह चौधरी बजाज चीनी मिल में बतौर सहायक प्रबंधक गन्ना कार्यरत थे।
मिर्जापुर, थाना नहटौर जिला बिजनौर निवासी संजीव सिंह चौधरी (44) अपने साथी अरविंद पटेल के साथ बाइक से गुरुवार की सुबह खुटार जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संसारपुर के पश्चिम में खुटार की तरफ जा रही एक मारुति वैन के चालक ने अचानक अपनी तरफ की खिड़की खोल दी, जिससे पीछे से आ रहे संजीव की बाइक वैन की खिड़की से टकरा गई और अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रहे गन्ना भरे ट्रक की चपेट में आ गई। इससे संजीव ट्रक के पहियों के नीचे आ गए, जिससे कुचलकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक के पीछे बैठे अरविंद पटेल को हल्की चोटें आईं।
घटना की सूचना पाकर संसारपुर पुलिस चौकी प्रभारी सतीशचंद यादव मौके पर पहुंचे और शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही उनके परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। मृतक हेलमेट लगाए हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर चीनी मिल में कार्यरत राधेश्याम कश्यप स्टाफ सहित मौके पर पहुंचे। घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गईं, जिसको पुलिस ने हटवा कर यातायात सुचारू कराया। जबकि, वैन चालक और गन्ना ट्रक चालक अपने अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर संसारपुर पुलिस चौकी परिसर में खड़े करवा दिया। संवाद