धनगढ़ी (नेपाल)। पहाड़ी जिले डोटी के दिपायल से बोगटान जा रही एक जीप अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई, जिसमें एक परिवार के तीन लोगों समेत चार नेपाली नागरिकों की मौत हो गई। जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जिला पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब डेढ़ बजे पहाड़ी जिले डोटी के दिपायल से बोगटान जा रही जीप बोगटान की फुंगसिल गांव पालिका के पास अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जीप में सवार यात्रियों में से तीन लोगों की घटनास्थल पर और एक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मरने वालों में फुंगसिल गांव पालिका वार्ड 7 की सचिव 28 वर्षीय मंजू त्रिपाठी, उनका तीन वर्षीय पुत्र मनीष और उनकी सास डंबरी अवस्थी के अलावा गांव पालिका जलश्रोत के कर्मचारी हरि भट्ट शामिल हैं। जबकि चालक कैलाश बम सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक चालक को नींद आने से जीप का संतुलन बिगड़ गया था। संवाद