सिकंदराबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के एक गांव में रविवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पति समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार रोक दिया है। फिलहाल पुलिस परिजनों को मनाने का प्रयास कर रही है।
पिंटू वर्मा निवासी ग्राम बखत्त्यारपुर थाना मैगलगंज ने बताया कि उसकी बहन जूली की शादी करीब 14 माह पूर्व थाना नीमगांव क्षेत्र के बैबहा निवासी सौरभ के साथ हुई थी। भाई ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज न मिलने के कारण बहन जूली की हत्याकर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सौरभ, सास राजेश्वरी, सुरेश और अर्चना के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
उधर सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा तो मायके पक्ष के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से रोक दिया। इस बात की जानकारी होने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस परिजनों की मान मनौव्वल में जुटी है, लेकिन खबर भेजे जाने तक परिजन मांगों पर अड़े थे।
परिजनों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, शीघ्र ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।
सुनीता कुशवाहा थानाध्यक्ष नीमगांव