निघासन। पुरैना गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में मायके पक्ष ने दहेज के लिए जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मझगईं थाना क्षेत्र के भगवंतनगर गुलरानिवासी परसराम ने बताया कि उनकी पुत्री फूलकुमारी उर्फ सौखीना (24) का विवाह 23 अप्रैल 2022 को पुरैना निवासी धर्म सिंह से हुआ था। सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया गया था।
आरोप है कि विवाह के बाद से पति धर्म सिंह, देवर मुकेश कुमार, सास रामबेटी, चाचा ससुर नरेश कुमार, लक्खा और कन्ना देवी अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल, कूलर व फ्रिज की मांग को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न करते थे।
परसराम का आरोप है कि नौ जुलाई को आरोपियों ने दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री के साथ मारपीट कर जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। देर रात गांव के लोगों से उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सीओ निघासन शिवम कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-
विवाहिता से मारपीट में पांच के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
मझगईं। विवाहिता का उत्पीड़न करने के मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बम्हनपुर निवासी विवाहिता के पिता इकबाल अली ने पुलिस को बताया कि छह माह पूर्व उन्होंने पुत्री जुलेखा का निकाह कंधईलाल पुरवा निवासी शहजाद अली से किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज के लिए जुलेखा के साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया था। पुलिस ने पति शहजाद, सास गुर्री, चांदनी, छोटकन्ना और रिहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस ने शहजाद को गिरफ्तार कर चालान भेजा है। संवाद