पलियाकलां। पीलीभीत के पूरनपुर तहसील के एक गांव निवासी युवक ने स्टडी वीजा पर विदेश भेजने के नाम पर पलिया निवासी एक संस्थान पर ठगी करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि लिए गए करीब चार लाख से अधिक रुपयों में तीन लाख रुपये संस्थान का संचालक नहीं दे रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। उधर, पुलिस का कहना है कि उनको इस तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है।
पीलीभीत के पूरनपुर तहसील के जोगराजपुर बबरौआ गांव निवासी विपुल शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि पलिया निवासी एक संस्थान को स्टडी वीजा से लंदन जाने के लिए उसने चार लाख 11 हजार पांच सौ रुपये दिए थे। 22 अप्रैल 2023 में यह प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें उसने दो लाख 41 हजार रुपये नेट बैंकिंग व 17 हजार रुपये नकद दिए थे।
आरोप है कि फर्जी इंटरव्यू, धोखाधड़ी करते हुए उक्त लोगों ने उसकी पासबुक, एटीएम व चेकबुक भी रख ली। बाद में धोखाधड़ी का पता होने के बाद उसने शिकायत की तो कुछ रुपये लौटा दिए, लेकिन तीन लाख रुपये की रकम अब भी बकाया है। मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उधर, कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया कि इस तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है।