भीरा में प्लाॅट में जलता कूड़ा। संवाद
बिजुआ। नगर पंचायत भीरा में खाली प्लॉटों में कूड़ा एकत्र कर आग लगाने का मामला सामने आया है। नगर निवासी सचिन कुमार अग्रवाल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर अधिशाषी अधिकारी के निलंबन और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी वार्डों के खाली प्लॉटों में कूड़ा एकत्र करवाकर आग लगवा रहे हैं, जिससे निकलने वाला जहरीला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल रहा है।
उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर एफआईआर दर्ज करने और नगर में कूड़ा निस्तारण की वैज्ञानिक व्यवस्था लागू करने की मांग की है। शिकायत की प्रति उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को भी भेजी गई है।
नगर पंचायत भीरा के अधिशाषी अधिकारी दिनेश कुमार शुक्ला ने आरोपों से इनकार किया। उन्होंने बताया कि कुछ खाली और विवादित प्लॉटों में लोग स्वयं कूड़ा डालकर आग लगा देते हैं। ऐसे प्लॉट मालिकों को चहारदीवारी कराने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न तो डाला जाता है और न जलाया जाता है। संवाद