गोला गोकर्णनाथ। थाना हैदराबाद की ढकवा चौकी क्षेत्र के गांव सेमरई में मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे चोरी की नीयत से घर में घुसे पड़ोसी युवक को परिजनों ने पकड़कर पीट दिया। दो अन्य आरोपियों के भागने की बात कही गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को 108 की मदद से सीएचसी गोला में भर्ती कराया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।
प्रीति देवी (30) पत्नी राजू दीक्षित ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे परिवार के लोग सो रहे थे। तभी घर में आहट सुनाई दी। परिजनों ने दूसरे कमरे में घुसे गांव के युवक को पकड़ लिया।
शोर मचाने पर दो अन्य आरोपी भाग निकले। पकड़े गए युवक को डायल 112 पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सीओ महक शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद