पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार निवारण की आरोपियों पर बढ़ाई धाराएं
लाइनमैन के आत्मदाह का मामला
पलियाकलां। लाइनमैन के आत्मदाह के मामले में पांच दिन बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी जेई व लाइनमैन जगतपाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर इस मामले में यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार निवारण की धाराएं बढ़ा दी हैं।
नौ अप्रैल को जेई पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बिजली विभाग के लाइनमैन गोकुल प्रसाद ने अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली थी। इसके बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया था। जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। मामले में रविवार को पुलिस ने मृतक की पत्नी राजकुमारी की तहरीर पर जेई नागेंद्र कुमार और लाइनमैन जगतपाल उर्फ बबलू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पत्नी राजकुमारी के बयानों के आधार पर यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार निवारण की धाराओं को बढ़ाया है। साथ ही आरोपी जेई नागेंद्र कुमार व लाइनमैन जगतपाल को टेहरा तिराहे से गिरफ्तार किया है। इससे पहले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजन ने असंतोष जाहिर करते हुए नाराजगी भी जताई थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया है।
धीमी गति से हो रही विभागीय जांच
आरोपी जेई नागेंद्र कुमार व लाइनमैन जगतपाल के खिलाफ बिजली विभाग द्वारा विभागीय जांच भी की जा रही है। इसके लिए तीन सदस्यीय टीम भी गठित है जो धीमी गति से जांच आगे बढ़ा रही है। जांच में अभी तक क्या हुआ इसकी जानकारी भी सही से नहीं दे पा रही है। उधर मृतक के पुत्र को नौकरी की बाबत भी कोई जवाब ढंग से अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं।
मृतक की पत्नी राजकुमारी द्वारा दिए बयानों के आधार पर दोनों आरोपियों पर 354ए व 7/13 निवारण भ्रष्टाचार निवारण की धाराओं को बढ़ाया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनका चालान किया गया है। जेई जो मूल रूप से जिला वाराणसी के फूलपुर और लाइनमैन जिला अलीगढ़ के विजयगढ़ का मूल निवासी है।
- संजय नाथ तिवारी, सीओ पलिया