बिजुआ। ग्राम पंचायत ताजपुर में सरकारी नलकूप को लेकर विवाद खड़ा हो गया। किसानों ने प्रधान पर नलकूप की चाबी देने के लिए रुपये की मांग करने का आरोप लगाया।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह संधू ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर उठाया। किसानों ने बताया कि नलकूप पर प्रधान का कब्जा है। चाबी मांगने पर वह पहले पैसा जमा कराने की बात करते हैं। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई, जब प्रधान के पुत्र पर एक किसान को धमकाने का आरोप लगा। किसान के अनुसार, प्रधान पुत्र ने उनके घर जाकर वीडियो के विषय में मुकदमा करने की धमकी दी।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मनीष वर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि शिकायतकर्ता पिछले चुनाव में उनका प्रतिद्वंद्वी था। उधर, खबर मीडिया में आने के बाद उप-विभागीय अधिकारी ने अवर अभियंता और पंप ऑपरेटर को मौके पर भेजा। उन्होंने बार कोड और अन्य पत्रों को हटवाकर नलकूप फ्री की सूचना चस्पा कर दी। अधिकारियों ने किसानों को स्पष्ट किया कि सिंचाई पूरी तरह निशुल्क है। संवाद