गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र में ग्राम पंचायत पुनर्भूग्रंट के गांव द्वारिकागंज में दीवार गिरने से एक दुधमुंही बच्ची सहित तीन महिलाएं घायल हो गई, जिन्हें 108 एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
हादसा बुधवार की सुबह करीब नौ बज हुआ। गांव द्वारिकागंज निवासी रामबेटी अपने घर की मिट्टी के गारे से जुड़ी ईंट की दीवार के ऊपर पड़े छप्पर के नीचे सास सोमवती, 18 वर्षीय पुत्री मनोरमा, 26 वर्षीय पुत्रवधू नीलम, दुधमुंही पोती दिव्या के साथ बैठी थी। तभी अचानक दीवार भरभरा कर ढह गई। जिसमें परिवार के सभी सदस्य दब गए। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार वालों ने ग्रामीणों की मदद से मलवा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। मलबे की चपेट में आकर घायल हुई रामबेटी, मनोरमा और दिव्या को मोहल्ले वालों ने 108 एंबुलेंस से सीएचसी भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी।