गोला सीएचसी में मौजूद बालिका के परिवार वाले। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ। ग्राम पंचायत गोला देहात के मजरा श्याम नगर कॉलोनी में छत पर खेल रही छह वर्षीय वर्तिका हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, इससे उसकी मौत हो गई।
मंगलवार की दोपहर श्याम नगर कॉलोनी निवासी संदीप कुमार की छह वर्षीय पुत्री वर्तिका छत पर खेल रही थी। खेलते समय वर्तिका छत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। 33हजार केवीए हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पलक झपकते ही मासूम वर्तिका गंभीर रूप से झुलस गई और छिटक कर दूर जा गिरी। हादसा होते ही घर में कोहराम मच गया। गंभीर अवस्था में पिता संदीप और मां मंजू उसे आनन-फानन में सीएचसी लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता संदीप कुमार ने बताया कि वह फरधान थाना क्षेत्र के शंकरपुर परसेहरा के मूल निवासी हैं। उन्होंने इसी वर्ष धनतेरस पर श्याम नगर में मकान बनवाकर परिवार सहित रहना शुरू किया था। उनके तीन बच्चों में वर्तिका सबसे छोटी थी। श्याम नगर कॉलोनी में कई मकानों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली हुई है जिससे हर समय खतरे का भय बना रहता है। पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मकान के पास से 33हजार केवीए हाईटेंशन लाइन निकली है। छत पर खेलते समय छह वर्षीय वर्तिका की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। विद्युत सुरक्षा निदेशालय टीम के निरीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - नीलाक्ष मनोस, एसडीओ ग्रामीण विद्युत वितरण उपखंड द्वितीय गोला