लखीमपुर खीरी। लखीमपुर-सीतापुर फोरलेन पर सदर कोतवाली क्षेत्र में जलनिगम के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार सीतापुर के युवक की मौत हो गई, जबकि हेलमेट लगाकर बाइक चला रहा उसका दोस्त घायल हो गया। दोनों बरात से घर वापस जा रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया है।
हादसा सोमवार की रात करीब 12 बजे हुआ। सीतापुर जिले के थाना लहरपुर के गांव दारानगर निवासी शिवा वर्मा (25) के दोस्त की बरात गांव से थाना नीमगांव के गांव बसारा आई थी। शादी समारोह में शामिल होने के बाद शिवा गांव के ही अपने हमउम्र दोस्त रोहित के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। बाइक हेलमेट लगाकर रोहित चला रहा था। सदर कोतवाली क्षेत्र में लखीमपुर-सीतापुर फोरलेन पर जल निगम के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। इसी बीच पीछे से साथी बरातियों की बोलेरो आ गई। खून से लथपथ पड़े शिवा को देख उनमें अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची एंबुलेंस 108 से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां कुछ देर बाद शिवा की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। शव देख परिवार वालों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी पूनम देवी रो-रोकर बेहाल है। उसके एक साल का पुत्र छोटू है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
-------------
पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को दे दिया गया है। अभी हादसे की तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-सुनील कुमार सिंह प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सदर