गोला सीएचसी में रोते बिलखते परिवारवाले। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। मौसेरे भाई की शादी में बुधवार को आए सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महाराज नगर निवासी 25 वर्षीय बबलू गुप्ता का शव मन्नूगंज मोहल्ले में सेंट जॉन स्कूल के निकट नाली में पड़ा मिला। उसकी जेब से शराब का पौवा भी बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर में खून के धब्बे मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में नाली में गिरने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। इकलौते पुत्र की मौत से बेहाल हुई वृद्ध मां को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
रिश्तेदारों ने बताया कि बुधवार की शाम कोतवाली सदर के मोहल्ला महाराज नगर निवासी दिलीप गुप्ता का 25 वर्षीय पुत्र बबलू गुप्ता अपनी वृद्ध मां रजनी गुप्ता, पत्नी सुनीता गुप्ता और एक वर्षीय पुत्र के साथ नगर के कुम्हारन टोला निवासी अपने मौसेरे भाई शिवांशु की शादी में शामिल होने आया था। बरात के सारे मांगलिक कार्य मुन्नूगंज स्थित राम वाटिका बरात घर में होने थे। इसलिए सारे रिश्तेदार बरात घर में ही एकत्र हुए। रात करीब 10 बजे बबलू ारात घर से निकला तो शराब पीने की लत होने के कारण पत्नी ने उसका मोबाइल ले लिया, ताकि नशे में कहीं मोबाइल गिर न जाये। जब रात भर बबलू नहीं लौटा तो सुबह उसकी पत्नी सुनीता ने नगर के मोहल्ला मथुरानगर निवासी अपने बहनोई सुनील कुमार को पता लगाने के लिए फोन किया।
इधर मोहल्ला मन्नूगंज में सेंट जॉन स्कूल के पास नाली में शव पड़े होने की सूचना पर सीओ आरके वर्मा, प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त कर बबलू गुप्ता का पता लगाया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में खून के धब्बे जमे मिले हैं।
इकलौते पुत्र की मौत पर वृद्ध मां की हालत बिगड़ी
मृतक बबलू अपने पिता दिलीप गुप्ता और मां रजनी गुप्ता का इकलौता पुत्र था। बबलू की मौत पर वृद्ध मां की हालत बिगड़ गई, रिश्तेदारों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मां जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद