लखीमपुर खीरी। सरकारी धान खरीद में क्रय केंद्रों से धान का उठान न कराने वाले पीसीएफ, पीसीयू और एनसीसीएफ के हैंडलिंग व परिवहन ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने का नोटिस दिया गया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय ने नोटिस के माध्यम से ठेकेदारों को तुरंत क्रय केंद्रों से धान का उठान कर संबंधित राइस मिलों में भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी लापरवाही पाए जाने पर ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी दी है।
किसानों से खरीदे गए धान से गोदाम फुल हो चुके हैं, जिससे धान खरीद प्रभावित हुई है, और फिर धान की डिलीवरी राइस मिलों में भी नहीं भेजी जा रही है। इस समस्या को अमर उजाला ने गुरुवार के अंक में ‘राइस मिल मालिक कर रहे आनाकानी, क्रय केंद्रों पर ही छोड़ दिया दो लाख क्विंटल धान’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। क्रय केंद्रों पर धान पड़ा है, तो वहीं राइस मिलों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष सीएमआर की डिलीवरी नहीं हो पा रही हैै। खबर पर संज्ञान लेते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय ने पहले पीसीएफ, पीसीयू और एनसीसीएफ के हैंडलिंग व परिवहन ठेकेदारों को नोटिस जारी की है। सूत्र बताते हैं कि इसके बाद राइस मिलों पर शिकंजा कसने की भी तैयारी चल रही है, क्योंकि मिलों ने खुद भी किसानों से औने-पौने दामों में काफी मात्रा में धान खरीदा है। इसके चलते क्रय केंद्रों के धान की कुटाई में देरी हो रही है।
अभी नोटिस देकर ठेकेदारों को चेताया है, जिसके बाद भी धान का उठान न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने की कार्रवाई की जाएगी। एफसीआई को सीएमआर की डिलीवरी लक्ष्य के सापेक्ष न करने वाले राइस मिल मालिकों को जल्द चावल की आपूर्ति एफसीआई को करने के निर्देश दिए हैं।
-लालमणि पांडेय, जिला खाद्य विपणन अधिकारी