लखीमपुर खीरी। थाना नीमगांव क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। उधर पलिया में हाथी को बचाने की कोशिश में बाइक पलटने से एक युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर तीनों शव परिवार वालों को सौंप दिए हैं।
-----
रिश्ते में ससुर-दामाद थे मरने वाले
सिकंद्राबाद। हादसा शनिवार की सुबह 11 बजे हुआ। सिकंद्राबाद चौकी क्षेत्र के गांव बहेरा निवासी घनश्याम ने बताया कि 28 वर्षीय भाई राधेश्याम अपने रिश्ते में ससुर थाना गोला के अलीगंज चौकी क्षेत्र गांव भगौरा निवासी 55 वर्षीय श्रीकृष्ण के साथ घर से गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। सिकंद्राबाद-गोला मार्ग पर गांव धुमराडीह गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज सिकंद्राबाद हनुमंत लाल तिवारी ने घायलों को सीएचसी गोला भेजवाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीखपुकार मच गई। दिवाली की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। रोते-बिलखते परिवार के लोग सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। बाइक पुलिस कब्जे में है। अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-------------
बाइक पलटी, चालक की मौत
पलियाकलां। गांव फुलवरिया निवासी श्रीकेशन का 22 वर्षीय पुत्र सूरज पाल किसी काम से दुधवा की ओर जा रहा था। नकउहा नाले के पास रोड किनारे से अचानक एक हाथी निकल आया। इससे घबराए सूरज पाल की बाइक अनियंत्रित होकर रोड किनारे जा पलटी। हादसे में वह घायल हो गया। घायल को सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। चालक ने हेलमेट लगा रखा था। संवाद
------------
ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार बालिका घायल
उचौलिया। कस्बा निवासी राममोहन शनिवार शाम दिवाली पर उचौलिया नहर के पास स्थित सिद्ध स्थान पर प्रसाद चढ़ाने गए थे। वापस आते समय गुरुद्वारा के पास ट्रक ने मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में राममोहन की छह वर्षीय पुत्री नैना गंभीर रूप से घायल हो गई। इसे शाहजहांपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवाद
----------
बाइकों की टक्कर में दो घायल
सुंदरवल। गांव देवरिया निवासी सिपाही (22) किसी काम से लखीमपुर गया था। वापस आते समय लखीमपुर-पलिया मार्ग पर सिकटिहा गांव के पास बाइक थाना गोला के पनाह गांव निवासी दिनेश की बाइक में टकरा गई। बगैर हेलमेट लगाए दोनों बाइक चालक घायल हो गए। चौकी प्रभारी दिनेश कुमार यादव ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। संवाद