फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत से गांव में सन्नाटा

विज्ञापन
विज्ञापन
बिजुआ (लखीमपुर खीरी)। भीरा थाना क्षेत्र में ढखिया गांव के पास सोमवार की शाम शारदा नदी में नहाने गए छह लोगों में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की डूबने से मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। देर रात दो शव बरामद हो गए, तीसरा शव मंगलवार को दोपहर बाद मिला। पुलिस ने दो शव पोस्टमार्टम को भेज दिए, जबकि तीसरे युवक के परिवार वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
विज्ञापन

पलिया तहसील क्षेत्र के भानपुर निवासी विश्वनाथ अवस्थी के घर सोमवार को रिश्तेदार का पुत्र अनुज (17) निवासी लखाही थाना निघासन सहित दो लोग आए थे। शाम को वह लोग विश्वनाथ अवस्थी के बेटेे मोहित (22) और सुमित(15) के साथ पड़ोसी गांव ढखिया निवासी कैलाश के घर चले गए। परिजन के मुताबिक शाम करीब पांच बजे कैलाश अपने पुत्र किशन उर्फ गोलू (13) और रिश्तेदारों सहित सभी छह लोग गांव के किनारे शारदा नदी तट पर पहुंचे और नहाने के लिए नदी में उतर गए। नहाने के दौरान साथ आए लोगों को डूबता देख कैलाश उन्हें बचाने में जुट गए। कैलाश ने दो लोगों को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन बेटे गोलू व मोहित और उसके भाई सुमित को नहीं निकाल सके। वह तीनों गहरे पानी में डूब गए। कैलाश की चीखपुकार सुन आसपास के लोग मदद के लिए नदी में उतरकर तीनों को खोजने लगे। देर रात को मोहित और गोलू ( मौसेरे भाई) का शव गांव वालों ने थोड़ी दूर पर बरामद कर लिया, लेकिन सुमित का पता नहीं चला। सूचना पर एएसपी शैलेंद्र लाल, सीओ गोला आरके वर्मा और एसओ भीरा के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और ग्रामीणों को नदी में उतारकर सुमित की तलाश कराई। मंगलवार दोपहर सुमित का शव मिल गया। पुलिस पहले मिले दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी थी। सुमित के परिवार वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
पलिया विधायक रोमी साहनी भी मंगलवार को गांव पहुंचे, उन्होंने दोनो परिवारों को ढांढस बंधाया। विधायक ने कहा कि वह दुख में उनके साथ हैं।
...पल भर में बुझ गए दो घरों के चिराग
भानपुर गांव के विश्वनाथ अवस्थी के चार बच्चों में दो बेटे मोहित और सुमित ही थे, दो बेटियों में सबसे बड़ी की शादी हो गई। दूसरी बेटी के हाथ पीले होने थे। इधर विश्वनाथ एक बार बीमार हुए तो फिर खाट ही पकड़ ली। परिवार की जिम्मेदारी बड़े बेटे मोहित पर आ गई। वह हिस्से में मिली खेती के अलावा इधर उधर काम करके खर्च चलाता था। वहीं उसके मौसा ढखिया गांव के कैलाश के एक ही पुत्र गोलू था। सोमवार शाम को जब सब नदी के पानी में उतरे तो इस पानी ने दो परिवारों की लौ बुझा दी।
विज्ञापन

बहन की राखी, मां का सहारा और पिता की टूट गई लाठी
घर में जवान बेटे को देखकर जिस मां का कलेजा चौड़ा होता था, बाप अपनी बीमारी से लाचार होकर भी मायूस नहीं था, बहन अपने दो भाइयों पर नाज करती थी। सब कुछ एक झटके में सिमट गया। यहां बेटा नहीं इस घर से पालनहार चला गया, और बहन का सरपरस्त भी।
मोहित के पिता विश्वनाथ बीमार हैं। मोहित इस घर का बेटा ही नही पालनहार बन गया। छोटे भाई को पढ़ाने के अलावा माता-पिता की जिम्मेदारी और एक छोटी बहन को विदा करना था, लेकिन हादसे में दोनो भाइयों की मौत से चिराग गुल होने के साथ इस परिवार का सरपरस्त चला गया।
चार दिनों से लापता युवक का नहर की झाल में फंसा शव मिला
ममरी चार दिनों से लापता हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव परसेला निवासी 35 वर्षीय सरोज कुमार का शव पुलिस को मंगलवार सुबह खंदनी गांव के पास सीतापुर ब्रांच नहर की झाल में फंसा मिला, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसओ सुनीत कुमार ने बताया कि मृतक दारु पीने का आदी था। छह जून की शाम नशे की हालत में पत्नी को गांव खंदनी जाने के लिए बताकर घर से निकला था। नहर पार करते वक्त वह पानी की धार में बह गया था, उसकी एक चप्पल पटरी पर पड़ी मिली थी, जिसके आधार पर मृतक की पत्नी सरोजनी देवी ने आठ जून को पति के नहर में डूबने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई थी। बताया कि मंगलवार सुबह नहर में पानी कम होने पर सरोज का शव खंदनी गांव के पास झाल में फंसा मिला, जिसे सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सरोज की मौत से पत्नी, बच्चों, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें