पसगवां/मझगईं । कोतवाली क्षेत्र के शाहजहांपुर-मोहम्मदी मार्ग पर ग्राम मछैछा के निकट रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार पूर्व सैनिक की मौत हो गई तो मझगईं में बेला कलां गांव के पास बने रपटा पुल पर फार्मासिस्ट की कार ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई जिसमें वह घायल हो गए।
मोहम्मदी शाहजहांपुर मार्ग पर रविवार को रात करीब आठ बजे अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार रेशम पाल सिंह (50) को टक्कर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने घायल को 108 एंबुलेंस से सीएचसी मोहम्मदी भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पसगवां कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आदर्श कुमार सिंह ने बताया मृतक रेशम सिंह बुलंदशहर के खुर्जा निवासी भूतपूर्व सैनिक था वह क्षेत्र में रिश्तेदारी में किसके यहां आया था इसकी जानकारी नहीं मिली।
मझगईं चंदनचौकी में तैनात फार्मासिस्ट खतीस अहमद अपनी कार से लखीमपुर दवाई लेने गए थे। जहां से देर शाम पांच बजे वह वापस पलिया की ओर आ रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार रपटा पुल पर बने गड्ढों की वजह से अनियंत्रित होकर सामने आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में फार्मासिस्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। घटना के बाद रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।