बिजुआ-गुलरिया। भीरा-लखीमपुर मार्ग पर इटकुटी गांव से पहले सड़क पार कर रही एक छह साल की बच्ची तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोग बच्ची को लेकर बिजुआ सीएचसी आए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
इटकुटी गांव के पास कम्माटांडा निवासी शिवचंद्र की छह साल की बेटी रोशनी सड़क पार कर घर की ओर आ रही थी, तभी पलिया की ओर जा रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बच्ची छिटककर दूर जा गिरी। मौके पर मौजूद लोगों ने रोशनी को बिजुआ अस्पताल लेकर आए, यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं मौके से फरार हुई कार को लोगों ने पीछा कर भानपुर में रोका। बाद में उसे भीरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।