लखीमपुर खीरी। बुंदेलखंड में टिड्डी दल के हमले के बाद जिला प्रशासन ने इससे निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने किसानों को इस खतरे से सावधान करने के लिए कृषि, उद्यान और गन्ना विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है, जो टिड्डी दल से बचाव और नियंत्रण के बारे में किसानों को जागरूक करेंगे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों, गन्ना विभाग और कृषि विभाग के अधिकारियों को ट्रैक्टर से संचालित होने वाले पावर स्प्रेयर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैैं, जिससे टिड्डी दल पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाएगा।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस अभियान की कमान सीडीओ अरविंद सिंह को सौंपते हुए चार सदस्यीय कमेटी बनाई है, जिसमें उप कृषि निदेशक टीएम त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह और जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. इंद्रेषु कुमार गौतम शामिल हैं। यह कमेटी टिड्डी दल के संभावित हमले को नाकाम करने की योजना तैयार करके उसे आवश्यकतानुसार अमल में लाएंगे। सीडीओ अरविंद सिंह ने सभी एसडीएम को अपने तहसील क्षेत्र में कार्यरत लेखपालों, डीपीआरओ को सफाईकर्मियों के माध्यम से आम जनता को टिड्डी दल के हमले से सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। वहीं बीडीओ को ग्राम विकास अधिकारियों, प्रधानों और रोजगार सेवकों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला उद्यान अधिकारी अपने विभाग के उद्यान निरीक्षकों के माध्यम से फल और सब्जी उत्पादक किसानों को जागरूक कर सतर्क करेंगे। सीडीओ ने जिला कृषि अधिकारी को प्राविधिक सहायकों, बीटीएम और एटीएम के माध्यम से किसानों को टिड्डी दल से बचाव और नियंत्रण के उपाय बताने के निर्देश दिए हैं। जबकि कृषि रक्षा अधिकारी को टिड्डी नियंत्रण में प्रयोग होने वाले रसायनों/कीटनाशकों की उपलब्धता कराने के निर्देश हैं।
मॉकड्रिल: अब खेतों में बजेगा डीजे, हूटर और लाउडस्पीकर
टिड्डी दल के संभावित हमले को नाकाम करने के लिए साउंड मेकर्स यानी डीजे, हूटर और लाउडस्पीकर की मदद ली जाएगी। इससे पहले खेतों में इसकी मॉकड्रिल कर वीडियो बनाकर वायरल किए जाएंगे। ताकि टिड्डी दल को भगाने के लिए जरूरी साजो-सामान पहले से जुटा लिए जाएं। जिला गन्ना अधिकारी ब्रजेश कुमार पटेल ने बताया कि सभी चीनी मिलें किसानों के मोबाइल पर जागरूकता संदेश भेजेंगी। गन्ना समितियों के सचिवों को साउंड मेकर्स यानी डीजे, हूटर और लाउडस्पीकर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद खेतों में मॉकड्रिल करके उसका जागरूकता वीडियो वायरल करेंगे।