खमरिया। गन्ना लेकर गोविंद शुगर मिल ऐरा जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क किनारे बने घर पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में घर में सो रहे युवक की गन्ने के नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीतापुर जिले के थाना तंबौर के गांव गौर गुनिया निवासी मुन्नू अली (40) थाना ईसानगर क्षेत्र में मोहम्मदापुर-खमरिया मार्ग पर झोपड़ी डालकर रह रहा था। मार्ग काफी जीर्णशीर्ण हालत में है। मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसे का सबब बन रहे हैं। गड्ढों की वजह गोविंद शुगर चीनी मिल ऐरा जा रही एक गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली गुरुवार की तड़के तीन बजे मोहम्मदापुर स्थित मोड़ के पास मुन्नू अली के घर पर पलट गई। हादसे में गन्ने के नीचे दबकर घर के अंदर सो रहे मुन्नू अली की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी मुन्नी घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गन्ना हटाकर घायल पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। चौकी इंचार्ज खमरिया महेश त्यागी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।