गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। अलीगंज रोड स्थित गांव दौलतगंज निवासी एक मासूम की गन्ना सेंटर के ट्रक से कुचल कर दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों ने दौड़ाकर ट्रक को क्लीनर सहित पकड़ लिया जबकि चालक मौके से भाग गया। गुस्साए लोगों ने क्लीनर को बांधकर जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने क्लीनर को भीड़ से छुड़ाया और ट्रक को कब्जे में लेकर मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अलीगंज रोड स्थित गांव दौलतगंज निवासी यूनुस अली रोड के किनारे अपना मकान बनाकर परिवार सहित रहते हैं। मंगलवार की सुबह नौ बजे उनका एकलौता तीन वर्षीय पुत्र सुफियान सड़क की दूसरी ओर से बच्चों के साथ घर आ रहा था। तभी चीनी मिल से पचतौर गन्ना क्रय सेंटर जा रहे तेज रफ्तार खाली ट्रक ने रौंद दिया। जिससे तीन वर्षीय मासूम सुफियान की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसा होते ही ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक रुकते ही चालक मौके से फरार हो गया लेकिन भीड़ ने क्लीनर को दबोच लिया और उसे बांधकर जमकर पिटाई कर दी। पकड़े गए क्लीनर ने अपना नाम तेंदुआ निवासी इसालद बताया। क्लीनर का कहना है कि वह गोला चीनी मिल से पचतौर गन्ना सेंटर जा रहा था। ट्रक तेंदुआ निवासी आकिब चला रहा था।
हादसा होते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया। सूचना पर दल बल के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने मौके से भीड़ को खदेड़ा और क्लीनर को बंधन मुक्त कराकर अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लेकर शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचे सीओ आरके वर्मा और प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने परिवार वालों गुस्साई भीड़ को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इकलौते पुत्र सुफियान की मौत पर पिता यूनुस, मां अफसाना सहित परिवार वालों का रो- रोकर बुरा हाल है।