ईसानगर। गांव लखपेड़ा में ट्रैक्टर की टक्कर से चार साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दादी घायल हो गईं। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव लखपेड़ा निवासी अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि उनके गांव में दो मकान हैं। शनिवार की सुबह पुत्र माखन मिश्रा अपनी दादी लक्ष्मी देवी (55) के साथ दूसरे मकान पर जा रहा था। इसी बीच सामने से हैरो लेकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में माखन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दादी लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी। हादसे के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद भाग रहे ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया। घायल लक्ष्मी देवी को सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया है। चालक पुलिस की हिरासत में हैं। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है, लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।