लखीमपुर खीरी। रोडवेज की अनुबंधित बस का रविवार को लखीमपुर आने के दौरान पिछला पहिया निकल गया। बस स्पीड में होने के कारण न तो इसकी जानकारी चालक को हुई और न ही परिचालक को। ऐसे में बस एक बड़े हादसे का शिकार होते बची।
शाहजहांपुर डिपो की अनुबंधित बस संख्या यूपी 27 टी 8085 रविवार सुबह लखीमपुर आ रही थी। लालपुर से छाउछ आते समय परिचालक की ओर की पिछला पहिया अचानक बस से निकल गया। बस एक पहिए पर काफी दूर तक चलती रही। बस में करीब 30 सवारियां बैठी। बस के हिचकोले लेने पर पीछे की तरफ बैठे यात्री डर के मारे चिल्लाने लगे। तब जाकर चालक ने बस रोंकी। जब नीचे उतर कर देखा तो बस का एक पहिया निकल चुका था और दूसरा निकलने के कगार पर था। दैनिक यात्रियों का कहना था कि यह तो गलीमत रही कि सड़क पर गड्ढे होने के कारण पिछला पहिया तिरछा होकर फंस गया और निकला नहीं। वरना जिस स्पीड से बस चल रही थी ऐसे में बस पलट भी सकती है। यात्रियों का कहना है कि अधिकारियों की अनदेखी के कारण यात्री जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। गड्ढायुक्त सड़क पर इतनी स्पीड में बस दौड़ाना गलत है।
बस का पहिया निकलने की जानकारी नहीं है। इसके बारे में एआरएम से जवाब तलब होगा। वैसे बसों में वीटीएस सिस्टम लगा है। एआरएम को इसके माध्यम से बसों की स्पीड जांचनी चाहिए। ओवर स्पीड मिलने पर कटौती करें।
मोहनलाल
क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम
हरदोई क्षेत्रीय