आग पर काबू पाने की कोशिश में लगे दमकल कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली नेशनल हाईवे पर कंबल भरा ट्रक मैगलगंज बाईपास के पास बोल्डर से टकरा गया, जिससे ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
हादसा शुक्रवार की सुबह करीब 5.30 बजे हुआ। मुरादाबाद के गांव बगरुआ निवासी ट्रक चालक मोहम्मद नाजिम ने बताया कि वह पानीपत से कंबल, टायर और दवा भरकर सिलीगुड़ी जा रहा था। मैगलगंज बाईपास पर रूट डायवर्जन के लिए बोल्डर लगाए गए हैं, जिससे अचानक ट्रक टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक चालक व उनका साथी रघुवीर सिंह कुछ समझ पाते। तब तक आग ने केबिन को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया।
ड्राइवर सहित दोनों लोगों ने किसी तरह से कूदकर अपनी जान बचाई। ट्रक को जलता देख हाईवे पर वाहनों के पहिए थम गए। अन्य ट्रक चालकों व छोटी गाड़ियों के चालकों ने आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। राहगीरों ने मैगलगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर मैगलगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग के आगे पुलिस भी असहाय रही। जिससे पूरा ट्रक व उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। इससे हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।
तीन घंटे बाद पहुंचे दमकलकर्मी
ट्रक चालक और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आग लगने की सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई थी। पुलिस तो कुछ देर बाद मौके पर पहुंच गई, लेकिन फायर ब्रिगेड को आने में पूरी तीन घंटे लग गए। फायर ब्रिगेड जब मौके पर आई तब तक ट्रक व सामान को खाक कर आग शांत हो चुकी थी।