ढखेरवा (लखीमपुर खीरी)। निघासन-ढखेरवा मार्ग पर ट्रिपल राइडिंग कर रहीं दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को रमियाबेहड़ सीएचसी पर लाया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर पांचों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों बाइक पर तीन-तीन लोग बैठे थे, चालक भी हेलमेट भी नहीं लगाए थे।
हादसा बुधवार की शाम करीब आठ बजे हुआ। पुलिस के अनुसार थाना निघासन के गांव दुलही निवासी रंजीत (16) पुत्र रामजीवन अपने साथियों राजेश और मिथलेश के साथ एक ही बाइक पर बैठकर ढखेरवा से अपने घर जा रहा था। दूसरी बाइक पर सवार होकर खरवहिया नंबर दो निवासी कर्ता अपने साथियों रोहित और संतोष के साथ ढखेरवा जा रहा था। ढखेरवा के निकट विद्युत उपकेंद्र के पास दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गए। ढखेरवा चौकी इंचार्ज केके राजभर ने घायलों को रमियाबेहड़ सीएचसी में भर्ती कराया। वहां पर डॉक्टर ने रंजीत को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने पांचों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग नाबालिग थे। किसी के पास डीएल नहीं था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।