ममरी। शनिवार सवेरे घने कोहरे के बीच गोला मोहम्मदी रोड पर रोडवेज बस के टक्कर मारने से बैलगाड़ी चालक की मौके पर मौत हो गई। बैलगाड़ी में जुते दोनों बैल गंभीर घायल हो गए, डनलप क्षतिग्रस्त हो गया। चालक बस समेत भाग निकला। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे की तहरीर पर बस चालक केे नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शनिवार सुबह 7.30 बजे हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव झारा निवासी शंकरलाल वर्मा का 46 वर्षीय बेटा सतीश कुमार बैलगाड़ी लेकर खेत पर गन्ना भरने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसकी बैलगाड़ी मोहम्मदी रोड पर जैसे ही छोटी नहर की पुलिया पर पहुंची वैसे ही गोला से शाहजहांपुर जा रही रोडवेज अनुबंधित बस ने डनलप में पीछे से टक्कर मार दी जिससे सतीश कुमार छिटकर रोड पर जा गिरा और सिर में चोट अधिक लग जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बैलगाड़ी में जुते दोनों बैल गंभीर घायल हो गए, डनलप क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा घने कोहरे की वजह से हुआ बताया गया है। घटना के बाद चालक बस समेत भाग निकला।
घटना के बाद ग्रामीणों ने गोला मोहम्मदी रोड पर जमा लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस से परिवार वालों द्वारा लगाई गई जाम खुलवाने को लेकर तीखी नोकझोंक भी हुई। एसओ धर्मदास सिद्धार्थ के समझाने पर जाम खुला। पुलिस ने शव को सील कार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसओ धर्मदास सिद्धार्थ ने बताया कि मृतक के बेटे अनुज कुमार की तहरीर पर अनुबंधित बस चालक सोनेलाल के नामजद रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।