निघासन। शारदा नदी पार कर खेत देखने गए बुजुर्ग किसान का दूसरे दिन शारदा नदी से निकले नाले में शव बरामद हुआ। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने आशंका जताई है कि शारदा नदी में डूबने से उनकी मौत हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना निघासन के गांव खमरिया निवासी ब्रह्मादीन गिरि (60) रविवार दोपहर बाद शारदा नदी पार कर खेत देखने गए थे, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटे। आशंकित परिवार वालों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह घरवालों ने दोबारा ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। काफी देर तलाश करने के बाद ब्रह्मादीन का शव शारदा नदी से निकले एक नाले में उतराता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बुजुर्ग किसान की मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा है। हल्का लेखपाल अंबालिका वर्मा ने गांव जाकर घटना की जानकारी की और रिपोर्ट तहसीलदार को भेजी है। तहसीलदार डॉ. धर्मेंद्र पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। रिपोर्ट मिलने के बाद पात्रता और आवेदन के आधार पर परिवार की मदद की जाएगी।