फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खीरी: सड़क हादसे में छात्र की मौत पर बवाल, गुस्साई भीड़ ने फूंकी बस

विज्ञापन
लखीमपुर खीरी में शुक्रवार को गढ़ी रोड पर सड़क हादसे में किशोर की मौत पर गुस्साई भीड़ ने फूंक दी बस? - फोटो : LAKHIMPUR
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। शहर से लखनऊ जा रही बरात की बस ने गढ़ी रोड पर एक स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार 16 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने वहां जमकर बवाल किया। रोड पर जाम लगाकर बस पर पथराव किया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस से भी लोग भिड़ गए और फायर ब्रिगेड की गाड़ी को रास्ते में ही रोक लिया। कई थानों की पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंची तो हालात पर काबू पाया जा सका। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन

हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। मोहल्ला शांतिनगर निवासी विकास सक्सेना का पुत्र धीरू उर्फ तत्व सक्सेना स्कूटी से गढ़ी रोड पर समोसे लेेने जा रहा था। इसी दौरान गढ़ी रोड पर गज भवन के पास बस ने धीरू की स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। इससे धीरू स्कूटी समेत नीचे गिर गया और बस के पिछले पहिये से कुचलकर उसकी मौत हो गई। ड्राइवर बस लेकर भागने लगा तो भीड़ ने रोड जाम कर पथराव शुरू कर दिया। इस पर ड्राइवर बस छोड़कर भाग निकला तो लोगों ने बस में आग लगा दी। फायर ब्रिगेड वहां पहुंची तो भीड़ ने उसे भी रोक लिया। इस पर सदर थाने के इंस्पेक्टर क्राइम चंद्रभान यादव ने एसपी विजय ढुल समेत अन्य अधिकारियों को सूचना दी। मिदनियां गढ़ी के रास्ते फायर ब्रिगेड की दूसरी टीम भेजी गई तो लोग वहां भी फायर ब्रिगेड कर्मियों से भिड़ गए और आग नहीं बुझाने दी। इसके बाद एएसपी अरुण कुमार सिंह, एडीएम डॉ. अरुण कुमार सिंह और सीओ सिटी एसएन तिवारी कई अन्य थानों की पुलिस और पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सख्ती दिखाकर भीड़ को तितर-बितर किया। तब जाकर बस में लगी आग बुझाई गई लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। सीओ सिटी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
---------------
बरातियों ने घरों से छिपकर उपद्रवियों से बचाई जान
लखीमपुर खीरी। हादसे के दौरान बस में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 30 लोग सवार थे। बस पर पथराव होते देख वहां चीखपुकार मच गई। भीड़ के गुस्से को देख आसपास के कुछ लोग मदद को आगे आए और बस में सवार लोगों को निकालकर अपने घरों में ले गए। बरात लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र से गुरुवार शाम लखीमपुर आई थी।
विज्ञापन

पीजीआई लखनऊ निवासी राजकुमार ने बताया कि पुत्र आशीष की शादी थी। मेला मैदान रोड स्थित एक बरातघर में सभी वैवाहिक कार्यक्रम हुए थे। शुक्रवार सुबह बरात विदा हुई। दूल्हे की कार बस के आगे थी। इसी बीच हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि आसपास के कुछ लोगों ने उनकी मदद की। सभी को बसों से शादी के सामान सहित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे उनकी और सभी बरातियों की जान बच सकी। इधर, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी विजय ढुल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
--
इकलौता बेटा था धीरू
गढ़ी रोड निवासी विकास उर्फ विक्की सक्सेना दवा व्यवसायी हैं। 16 वर्षीय धीरू उर्फ तत्व उनका इकलौता बेटा था और कक्षा नौ का छात्र था। उससे छोटी एक पुत्री है। हादसे में इकलौते पुत्र की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
--
रोड जाम होने से फंसे रहे वाहन
बस में आगजनी के दौरान आक्रोशित लोगों ने रोड पर जाम लगा दिया। इससे कई वाहन जाम में फंस गए। लोगों के आक्रोश को देख कई चालक वाहनों को लेकर इधर-उधर गलियों में घुस गए। वाहनों में सवार यात्रियों में दहशत साफ झलक रही थी।
-
वर्जन....
काफी दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। आक्रोश में आकर कुछ लोगों ने बस में आग लगा दी। जल्दी ही हालात पर काबू पा लिया गया।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
-------------
काफी दुखद घटना है। छात्र के पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम है।
विज्ञापन

-विजय ढुल, एसपी

धीरू उर्फ तत्व सक्सेना (फाइल फोटो)- फोटो : LAKHIMPUR

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें