लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसकी अंतिम तारीख 30 अप्रैल है। जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान से आवेदनपत्र ले सकते हैं। जिला स्तरीय कमेटी साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन करेगी। चयनित अभ्यर्थियों को निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
अभ्युदय योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीसीएस, जेईई, नीट, यूपीएसएसएससी की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग कक्षाएं संचालित कराई जाएंगी। जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में ही अभ्युदय की कक्षाएं संचालित होती हैं। अभी तक 50-50 सीटों पर अभ्यर्थियों को ऑफलाइन निशुल्क कोचिंग कराई जाती है, लेकिन इस बार 100-100 सीटों पर कोचिंग कराने की व्यवस्था की जाएगी।
ऑफलाइन के साथ ही इस बार ऑनलाइन कक्षाएं भी चलेंगी, ताकि दूर-दराज के रहने वाले अभ्यर्थी घर से ही अपनी पढ़ाई कर सकें। अभ्युदय योजना के जिला समन्वयक डॉ. एसएन विष्ट ने बताया कि यह कक्षाएं जुलाई से अप्रैल तक संचालित होगी। कक्षाओं का समय दोपहर दो से शाम पांच बजे तक रहेगा।
शिक्षकों की बढ़ाई जाएगी संख्या
जिला समन्वयक डॉ. एसएन विष्ट ने बताया कि इस बार अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ने पर शिक्षकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। अभी तक ऑफलाइन पढ़ाई होती थी। कभी-कभी दूर-दराज के अभ्यर्थी नहीं आ पाते थे, इस वजह से इस बार ऑनलाइन कक्षाएं भी संचालित होगी। ऑनलाइन कक्षाओं के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी।