नगर के कुम्हारन टोला निवासी एक युवा ने एयरलाइंस में सेवा का अवसर पाकर अपने सपनों की उड़ान दी है।
नगर के एक मध्यमवर्गीय परिवार का युवा अभय प्रताप सिंह जब कभी बचपन में आकाश में उड़ते हवाई जहाज को देखता तो उसका आकाश में उड़ने का सपना खुली आंखों के सामने कौंधने लगता। उसने बताया कि पिता रोहित सिंह मेला मैदान में बर्तन की दुकान करते हैं। परिवार और रिश्तेदार उससे कहा करते थे कि तुम्हे बड़े होकर अपने पिता की दुकान संभालनी है। किंतु वह कुछ अलग करने की ठाने अपनी पढ़ाई में लगातार लगा रहा। स्वामी विवेकानंद बाल उद्यान से हाईस्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर से इंटर, बाईडीसी से बीएससी करने के बाद उसने एयर लाइंस में जाने का निर्णय लिया।
विषय और क्षेत्र की सही जानकारी न होने के कारण उसने इंटरनेट को अपना सहारा बनाकर ग्रुप डायनामिक्स की जानकारी लेकर वह एयरलाइंस की पर्सनल्टी एसेसमेंट टेस्ट में बैठा और इंटरव्यू पास करने के बाद उसने एक अक्तूबर 2015 को बतौर एयर इंडिया केबिन क्रू की पोस्ट पर तैनात होकर मुंबई के सहार अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से अपने सपनों की पहली उड़ान भरी। वह अपनी सफलता का श्रेय माता पिता, गुरुजनों और इंटरनेट को देता है। उसने युवाओं के लिए युवा दिवस पर कहा कि इंटरनेट जहां एक ओर युवाओं के लिए मनोरंजन का खजाना है वहीं दूसरी ओर ज्ञान का भंडार है। जिससे युवा नई सोच के साथ अपनी मनचाही मंजिल प्राप्त कर सकता है।