फिल्म पीके का जहां देशभर में विरोध हो रहा है, वहीं जिले के जुडीशियल मजिस्ट्रेट की अदालत में हाईकोर्ट के अधिवक्ता नीरज रस्तोगी ने फिल्म के अभिनेता आमिर खान सहित सात लोगों के खिलाफ परिवाद दर्ज कराया है। जुडीशियल मजिस्ट्रेट हरिकेश कुमार ने इसकी सुनवाई और बयान दर्ज करने के लिए 21 जनवरी की तारीख तय की है।
पीके फिल्म में दिखाए गए दृश्यों के खिलाफ आक्रोश परिषद के संयोजक एवं हाईकोर्ट के अधिवक्ता नीरज रस्तोगी ने स्थानीय अदालत में मामला दर्ज कराया है। परिवाद में उन्होंने अभिनेता आमिर खान, अनुष्का शर्मा, संजय दत्त, सुशांत सिंह के अलावा निर्माता-निर्देशक राजकुमार हिरानी और विधु विनोद चोपड़ा के खिलाफ हिंदू धर्मावलंबियों की भावनाओं को चोट पहुंचाने का आरोप लगाते हुए बताया कि फिल्म की मार्केटिंग करने के लिए एक खास वर्ग और संप्रदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
रस्तोगी की ओर से अधिवक्ता शैलेंद्र सिंह गौड़ ने बताया कि अश्लील प्रदर्शन और आस्था को क्षति पहुंचाने वाले आपत्तिजनक प्रदर्शन में सहयोग करने के लिए स्थानीय आनंद थियेटर की स्वामिनी ऊषा गुप्ता को भी पक्षकार बनाया गया है।
‘पीके’ के विरोध में पुतला फूंका
खीरी टाउन। कस्बे में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष के नेतृत्व में बजरंग दल और विद्यार्थी सेना के कार्यकर्ताओं ने फिल्म पीके का विरोध प्रदर्शन कर पुतला जलाया।
शनिवार को चौकी के सामने बूढ़ी माता मंदिर के पास विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष पडित रूपेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में हाल ही में हुई प्रदर्शित फिल्म पीके का पुतला फूंका और कहा कि फिल्म पीके पर प्रतिबंध लगाया जाए, यदि इस फिल्म पर प्रतिबंध नहीं लगा तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर विद्यार्थी सेना सुधीर श्रीवास्तव, किशन कुमार, राघवेंद्र शर्मा, मिथुन सिंह, राजन सिंह, किशन शर्मा, मनोज विश्वकर्मा, प्रशांत अवस्थी, बॉबी कश्यप, छोटू कुमार, अरुण शाह और बजंरग दल, विद्यार्थी सेना के कार्यकर्ता मौजूद रहे।