लखीमपुर खीरी। जिले की तीन ग्राम पंचायतों में आधार कार्ड बनाने की सुविधा शुरू हो गई है। पंचायत भवनों में पंचायत सहायकों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। गांव में ही आधार कार्ड बनने की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
पंचायतीराज विभाग की ओर से पहले चरण में जनपद की 26 ग्राम पंचायतों में आधार कार्ड केंद्र शुरू कराए जाने हैं। फिलहाल, पलिया ब्लॉक के त्रिलोकपुर, मितौली ब्लॉक के कस्ता और सेमराघाट ग्राम पंचायत में मंगलवार से आधार कार्ड बनाए जाने लगे हैं। इन गांवों के पंचायत भवनों में आधार सेंटर स्थापित किए गए हैं। पंचायत सहायकों को प्रशिक्षण देने के साथ ही आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि ईसानगर के गैसापुर और माधवा, रमियाबेड़ के नैनापुर, पलिया के भानपुरी कॉलोनी, बरवता और चौरी, निघासन के हरसिंहपुर, सुथाना बरसोला व बनवीरपुर, फूलबेहड़ के बसहा, खंभारखेड़ा और अगरा बुजुर्ग, बांकेगंज के जलालपुर, हजरतपुर, रामपुर ग्रांट नंबर 18, दौलतपुर ग्रांट, पुनर्भू ग्रांट, कुंभी गोला के बस्तौली व लंदनपुर ग्रांट तथा मोहम्मदी के मोहम्मदपुर कर्मी, खजुरिया, हरिहरपुर और खिरिया मिश्र में भी आधार सेंटर खोले जाने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।