शारदानगर। घर में जबरन घुसने से मना करने पर कुछ लोगों ने युवक पर चाकू और ईंट से हमला कर घायल दिया। पुलिस ने लेनदेन में मारपीट की बात कही है।
कस्बा निवासी सोनू गुप्ता ने बताया, काफी समय पहले पिता की मौत हो चुकी है। उसकी मां और छोटी बहन घर पर अकेली रहती हैं। परिवार की खातिर अक्सर वह बाहर मजदूरी करने जाता है। हाल ही में राजस्थान से मजदूरी कर घर लौटा था। कस्बे के ही अनीस और उसका साथी मंगलवार रात जबरन घर में घुसने लगे। मना करने पर गाली-गलौज किया।
आरोप है अपने साथी के साथ मिलकर अनीस ने उसके सिर पर ईंट और चाकू से प्रहार कर दिए। बहन के चीख-पुकार करने पर आरोपी धमकी देकर भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार मौर्य ने बताया कि लेनदेन के विवाद में मारपीट हुई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।