मझगईं। घर से टहलने निकले बनघुसरी निवासी 18 वर्षीय प्रमोद का शव गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर के पुराने कुएं में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला।
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार तड़के करीब पांच बजे मंदिर परिसर में स्थित करीब 60 साल पुराने गहरे कुएं में किसी भारी चीज के गिरने की आवाज सुनकर पुजारी सियाराम मौके पर पहुंचे। वहां कुएं के पास एक जोड़ी हवाई चप्पल पड़ी देख उन्हें आशंका हुई कि कोई व्यक्ति कुएं में गिर गया है। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों और हल्का इंचार्ज एसआई जगदीश सिंह को सूचना दी।
पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से कुएं में तलाश कराई तो उसमें युवक के होने की पुष्टि हुई। काफी प्रयास के बाद युवक को बाहर निकाला गया। उसकी पहचान गांव बनघुसरी निवासी प्रमोद पुत्र रामबहादुर के रूप में हुई। पुलिस उसे पलिया सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हल्का इंचार्ज जगदीश सिंह ने बताया कि प्रमोद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुजुर्ग माता-पिता पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रमोद की मौत से उसके बुजुर्ग माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पांच बेटियों के बाद वह रामबहादुर का इकलौता बेटा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण प्रमोद कम उम्र से ही मेहनत मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक, चार बहनों की शादी हो चुकी थी, जबकि एक बहन की शादी बाकी थी। प्रमोद अपनी और बहन की शादी के लिए मेहनत कर रुपये जोड़ रहा था।
मृतक की मां ने रोते हुए बताया कि तड़के करीब साढ़े चार बजे प्रमोद चारपाई से उठा था। मां ने उसे अभी अंधेरा होने की बात कहकर रोकने की कोशिश की, लेकिन वह यह कहकर निकल गया कि टहलने जा रहा है। कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर आ गई।